जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को आजसू पार्टी संगठन को एक बड़ा झटका लगा है. पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजय मालाकार के नेतृत्व में जिला और प्रखंड स्तर के 8 प्रमुख पदाधिकारियों ने अपनी प्राथमिक सदस्यता और सभी जिम्मेदारियों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. इस संबंध में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को पत्र भेजकर औपचारिक सूचना दी गई है. पत्र में पदाधिकारियों ने साफ किया है कि वे निजी कारणों के चलते संगठन के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता को छोड़ रहे हैं. उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व से अपने इस्तीफे को अविलंब स्वीकार करने का आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस्तीफा देने वाले प्रमुख नेताओं में कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजय मालाकार के अलावा जमशेदपुर और जिला इकाई के जिला अध्यक्ष धर्मवीर सिंह, जमशेदपुर के प्रखंड प्रधान सचिव शंभु शरण, जमशेदपुर प्रखंड के प्रवक्ता सुजीत शर्मा, जिला महिला समिति की महासचिव सावित्री यादव, जिला सचिव विरेन स्वर्णकार, जमशेदपुर प्रखंड के कोषाध्यक्ष शैलेश कुमार, जमशेदपुर प्रखंड के सचिव मनोज ठाकुर और आजसू के सक्रिय सदस्य सौरभ सिंह इस्तीफा देने में शामिल हैं. एक साथ कई सक्रिय और वरिष्ठ पदाधिकारियों के पार्टी छोड़ने से क्षेत्र में आजसू के संगठनात्मक ढांचे पर सीधा असर पड़ने की संभावना है. स्थानीय स्तर पर इस सामूहिक इस्तीफे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.




