आदित्यपुर : बुधवार शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से लोगों को जहां प्रचंड गर्मी से राहत मिली, वहीं टाटा-कांड्रा मार्ग पर सफर कर रहे राहगीरों के लिए बारिश आफत बनकर बरसी. आपको बता दें कि टाटा- कांड्रा मार्ग के सर्विस रोड का हाल बेहाल है. जहां तहां पाइपलाइन व अन्य कार्यों के लिए एजेंसियों द्वारा गड्ढे खोदकर छोड़ दिये गये हैं, जिनसे राहगीरों का चलना दुश्वार हो गया है. ऊपर से गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आने-जानेवाले हादसों का शिकार हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बुधवार को ऐसा ही नजारा कई जगह देखने को मिला तो कहीं राहगीर गड्ढे में गिरते नजर आए, कहीं गड्ढों में बाइक सवार फंसते दिखे. केंदु गाछ के समीप सड़क पर हुए जलजमाव के कारण सर्विस रोड पर खड़ी गाड़ियां पानी में डूबी हुई नजर आयीं. इसी मार्ग पर पानी से भरे गड्ढे में राहगीर गिरते नजर आए. थोड़ी दूर पर बाइक सवार आपस में टकरा कर उलझते नजर आए.(नीचे भी पढ़ें)

उधर आरआइटी मोड़ के समीप स्कोडा शोरूम के पास बने सर्विस रोड के गड्ढे के पास अनियंत्रित 407 वाहन ने सर्विस रोड की ओर जा रहे तीन कार और एक ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि इस दौरान कोई बाइक सवार 407 की चपेट में नहीं आया. क्रेन बुलाकर सभी गाड़ियों को बाहर निकालना पड़ा. मौके पर पहुंची पुलिस ने 407 को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में ले लिया. सवाल यह उठता है कि इसमें गलती किसकी है? राहगीरों की, कार- बाइक, ऑटो- 407 सवारों की, सड़क निर्माता कंपनी या गड्ढे खोदकर छोड़ देनेवाली एजेंसियों की ये तय आप करें.



