
जमशेदपुर : उद्यमियों और व्यवसायियों की संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव मंगलवार को शुरू हो गया. इसके तहत मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई. इसके तहत मतदाताओं में काफी जोश देखने को मिला. सुबह साढ़े दस बजे से वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गयी थी. टीम विजन और टीम भालोटिया के बीच कड़ी टक्कर है. शाम चार बजे तक मतदान होता रहा. मतगणना के बाद देर रात तक नामांकन किया जायेगा.

मतदान कराने के लिए गठित चुनाव समिति के सदस्य एनके जैन, अशोक बियानी, संतोष खेतान, आरके गुप्ता, जगदीश खंडेलवाल, राजेश अग्रवाल और पीएस सेन की देखरेख में बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के भवन में मतदान होता रहा. इस बार के चुनाव में लोगों ने यहां इ-वोटिंग के जरिये भी मतदाताओं ने चुनाव स्थल पर ही मतदान भी किया. इसके अलावा बैलेट पेपर से भी वोटिंग की व्यवस्था की गयी थी. इस चुनाव में अध्यक्ष अशोक भालोटिया, सचिव पब्लिक रिलेशन के पद पर अनिल मोदी, ट्रस्ट्री के पद पर निर्मल काबरा, सचिव ट्रेड एंड कॉमर्स सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना, सचिव टैक्सेसन राजीव अग्रवाल और कोषाध्यक्ष दिलीप गोलछा निर्विरोध निर्वाचित पहले ही घोषित कर दिये गये है.

चुनाव में सबसे रोचक मुकाबला महासचिव पद के लिए भरत वसानी और श्रवण कुमार काबरा के बीच है. उपाध्यक्ष इंडस्ट्री के पद पर नितेश धूत व श्रवण कुमार देबुका, उपाध्यक्ष ट्रेड एंड कॉमर्स के पद के लिए सुरेश कुमार शर्मा (लिपु) व विजय आनंद मूनका, उपाध्यक्ष टैक्सेसन के लिए दिनेश चौधरी व पवन कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष पब्लिक रिलेशन के लिए मानव केडिया व मुकेश मित्तल, मानद सचिव इंडस्ट्री महेश कुमार सोंथालिया और विनोद शर्मा के बीच टक्कर होना है.

कार्यकारिणी समिति के लिए कुल 55 लोग मैदान में है. कुल 1737 मतदाता है, जो मतदान करेंगे. वैसे इ-वोटिंग के जरिये मतदाताओं ने पहले ही मतदान कर दिया है, लेकिन उसकी संख्या काफी कम है. मतदाताओं को रिझाने के लिए सारे उम्मीदवार कतार बनाकर इंट्री प्वाइंट पर अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे है.



