
जमशेदपुर : अखिल झारखंड छात्र संघ के बैनर तले सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास के एग्रिको स्थित आवास के समक्ष प्रदर्शन किया. छात्र झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा 11वीं की परीक्षा में छात्र-छात्राओं को फेल व मार्जिनल घोषित किये जाने का विरोध तथा उनके लिए संपूरक परीक्षा का आयोजन करने की मांग कर रहे थे. प्रदर्शन के पश्चात संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री के आप्त सचिव ने बात की. छात्र-छात्राओं का नेतृत्व कर रहे संघ के कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक ने बताया कि मुख्यमंत्री के आप्त सचिव ने उनका मांग पत्र जैक के अध्यक्ष को ई-मेल के माध्यम से भेज दिया है. साथ ही दुर्गापूजा तक मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है. हेमंत पाठक ने कहा कि यदि अब भी संपूरक परीक्षा व रिजल्ट की घोषणा नहीं की जाती है, तो हजारों छात्र-छात्राएं भूख हड़ताल पर जाने को विवश होंगे. प्रदर्शन में करीब 200 छात्र-छात्राएं शामिल हुए.

पुलिस से धक्का-मुक्की : प्रदर्शन के पूर्व छात्र-छात्राएं एग्रिको मैदान में इकट्ठा हुए. वहां से वे जुलूस की शक्ल में आगे बढ़े तो स्थानीय पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. इस क्रम में छात्र व पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. इस दौरान छात्राएं आगे आ गयीं, जिसे देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा और जुलूस मुख्यमंत्री आवास के निकटस्थ बेरिकेडिंग तक पहुंच गया.



