
जमशेदपुर : कोल्हान में महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा भाव के साथ मनायी गयी. इस मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. पूरे कोल्हान में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस मौके पर सभी ने स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने का संकल्प लिया.

सदभावना दौड़ में दौड़ा जमशेदपुर, बापू के पदचिन्ह पर चलने का लिया संकल्प
पूरा देश बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती मना रहा है. जहां देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और बाबू के आदर्शों को आत्मसात करने का प्रण ले रहे हैं. वहीं बापू के 150 वीं जयंती पर पीएम मोदी के प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को देशभर में लागू किया जा रहा है. इधर झारखंड की आर्थिक राजधानी लौहनगरी जमशेदपुर भी पीएम मोदी के अभियान से जुड़ने के संकल्प के साथ बुधवार को जिला प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ आमोखास ने सदभावना दौड़ लगाई. जहां जिला प्रशासन के तमाम आलाधिकारियों के साथ मंत्री सरयू राय और स्वयंसवेकों ने प्लास्टिक मुक्त जमशेदपुर बनाने का संकल्प लिया. वही मंत्री सरयू राय ने बापू को असाधारण क्षमताओं वाला व्यक्तित्व बताया और कहा हर इंसान को अपने भीतर बापू तलाशना चाहिए, तभी बापू का सपना साकार होगा. वैसे सदभावना दौड़ में हिस्सा लेने अहले सुबह से ही जनसैलाब जमशेदपुर की सड़कों पर उमड़ पड़ा. जिसे देखते हुए जमशेदपुर अक्षेस के कार्यपालक पदाधिकारी ने दावा किया कि जल्द ही जमशेदपुर प्लास्टिक मुक्त शहर होगा. इस दौरान जमशेदपुर जिला प्रशासन की ओर से प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया, साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों के लिए बेहतर काम करने वाले संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया.

खादी बोर्ड में विशेष छूट, दी गयी बापू को श्रद्धांजलि, हर पार्टी के नेता एक मंच पर नजर आये
इधर जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित खादी ग्राम उद्योग केंद्र में गांधी जयंती के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, एसएसपी अनूप बिरथरे, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश कुमार शुक्ल, जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार, खादी बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, सलाहकार योगेश मल्होत्रा सहित खादी बोर्ड के तमाम पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे. इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय खान समेत अन्य नेता भी पहुंचे और खादी को बढ़ावा देने की अपील की.

आपको बता दें कि गांधी जयंती के अवसर पर खादी ग्राम उद्योग में विशेष छूट दी जा रही है जिसके माध्यम से खादी के उत्पादों को जन-जन तक पहुंचाने में का काम किया जा रहा है. वहीं इस मौके पर उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को आज भी प्रासंगिक बताया. उन्होंने कहा कि बापू स्वच्छता और स्वतंत्रता दोनों चाहते थे इसलिए स्वतंत्रता से अधिक महत्वपूर्ण स्वच्छता है. और देश के प्रधानमंत्री ने बापू के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए स्वच्छ भारत अभियान का नारा दिया जो आज एक जन आंदोलन बन चुका है. उन्होंने जमशेदपुर के लोगों से खादी बोर्ड द्वारा दिए जा रहे छूट का लाभ उठाने की अपील की. साथ ही अधिक से अधिक खादी के प्रयोग किए जाने पर बल दिया.

टेल्को स्टेडियम से वॉक फॉर लाइफ एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक इस्तेमाल ना करने के संदेश के साथ 400 बच्चों ने लगाई दौड़
टाटा मोटर्स के टाउन डिवीजन एवं मानसी क्लब के संयुक्त तत्वाधान में वाक फॉर लाइफ का आयोजन बुधवार को किया गया. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150 वें वर्ष जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जयंती के अवसर पर टेल्को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी के प्लांट हेड विशाल बादशाह, वरीय महाप्रबंधक मानस मिश्रा, दीपक कुमार, यूनियन अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

इसके पश्चात वॉक फॉर लाइफ के लिए स्टेडियम से विशाल बादशाह ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया. स्वच्छता के साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के अपने संदेश को आगे बढ़ाते हुए 16 स्कूलों के करीब 400 स्कूली बच्चों के साथ ही बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. यह दौड़ टेल्को कॉलोनी के विभिन्न रास्तों से गुजरते हुए वापस स्टेडियम पहुंचा. अंत में सभी स्कूली बच्चों को चॉकलेट वितरण किया गया.
कांग्रेस ने तिलक पुस्तकालय में दी बापू को श्रद्धांजलि

कांग्रेस की ओर से जमशेदपुर के मुख्यालय बिष्टुपुर तिलक पुस्तकालय में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस दौरान दोनों विभूतियों की प्रतिमा पर माल्पार्यण किया गया. बापू को यहां कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय खान समेत तमाम नेताओं ने बारी-बारी से श्रद्धांजलि दी और स्वच्छ और स्वस्थ्य समाज को बनाने का संकल्प लिया.
डाक विभाग ने लगायी प्रदर्शनी, एक से बढ़कर एक डाक टिकट दिखा

महात्मा गांधी की जयंती पर डाक विभाग की ओर से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित श्रीकृष्ण सिन्हा संस्थान में डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगायी गयी. इस दौरान बापू से संबंधित डाक टिकटों को प्रदर्शित किया गया, जिसको देखने के लिए स्कूली बच्चों में उत्साह देखने को मिला. इसका उदघाटन डाक विभाग के निदेशक सत्यकाम, वरिष्ठ डाक अधीक्षक विमल किशोर, जुस्को के एमडी तरुण डागा, सहायक डाक अधीक्षक अजय कुमार, समाजसेवी हरिवल्लभ सिंह आरसी समेत अन्य लोगों ने डाक टिकटों को प्रदर्शित कर किया.
लोकसमर्पण ने दी श्रद्धांजलि, चलाया बागुनहातू में सफाई अभियान

मुख्यमंत्री रघुवर दास के पुत्र ललित दास के नेतृत्व में लोक समर्पण संस्था की ओर से महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस दौरान बागुनहातू में सफाई अभियान चलाया गया, जिसका नेतृत्व ललित दास ने किया. इस मौके पर लोक समर्पण संस्था के सारे पदाधिकारी, टिनप्लेट के पदाधिकारी सह समाजसेवी अखिलेश चौधरी समेत अन्य लोग मौजूद थे. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और क्षेत्र को साफ रखने का संकल्प लिया.
जिला प्रशासन ने दी बापू को श्रद्धांजलि

पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इस मौके पर बापू को याद किया गया. इस कार्यक्रम में मंत्री सरयू राय, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक कुणाल षाड़ंगी, विधायक मेनका सरदार, उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, एसएसपी अनूप बिरथरे समेत तमाम लोग मौजूद थे. इस मौके पर 150वीं जयंती के मौके पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया. यहां बच्चों को शपथ दिलायी गयी कि वे आसपास के इलाको को साफ रखेंगे.

झारखंड विकास मोरचा ने भी दी बापू को श्रद्धांजलि
झारखंड विकास मोर्चा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष बबुआ सिंह के नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई. मानगो गांधी मैदान में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया . कार्यक्रम मे जिला के तमाम पदाधिकारी एवं काफी संख्या मे कार्यकर्तागण उपस्थित थे.

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने दी बापू को श्रद्धांजलि
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवको द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें मंत्री सरयू राय और पदाधिकारी डॉ भूषण कुमार सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित की. इसमें स्वच्छ भारत, प्लास्टिक वर्जित, भारत की हरियाली इत्यादि नारों के साथ रैली निकाला गया और सभी स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रयोग न करने की शपथ ली. इस कार्यक्रम में सीनियर स्वयंसेवक रणवीर कुमार के निर्देशन में सभी स्वयंसेवक शुभम कुमार, विवेक महतो, मानस पॉल, दीपक कुमार, सौरभ पाठक, आदित्य भारद्वाज, कोमल, सरस्वती, प्रिया, पूजा, पायल, प्रेम, सोनी ने कार्यक्रम का सफलतापूर्वक निष्पादन किया.



