जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा स्थित विजया हेरिटेज फेज-6 निवासी और होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं. मामले में गिरफ्तार सुनील रजक, रितेश सिंह और शूटर अंकित सिंह को चांडिल पुलिस ने 72 घंटे की रिमांड पर लिया है. तीनों से लगातार पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर सोमवार रात चांडिल और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम करीब पांच वाहनों के काफिले के साथ मानगो स्थित सहारा सिटी पहुंची. पुलिस टीम दो आरोपियों को साथ लेकर मेघा ब्लॉक स्थित एक फ्लैट में पहुंची और उनकी निशानदेही पर छानबीन की. बताया जा रहा है कि हत्या से पहले निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े कुछ अपराधियों के सहारा सिटी में ठहरने की जानकारी पुलिस को मिली थी. इसी इनपुट के आधार पर रात करीब 10 बजे पुलिस ने संबंधित फ्लैट की तलाशी ली. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान पुलिस ने सोसाइटी के सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की और संदिग्ध लोगों के आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटाई. सूत्रों के अनुसार, तलाशी और पूछताछ में पुलिस को मामले से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं. हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.पुलिस अधिकारियों ने मीडिया से किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से इनकार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि मामले में अनुसंधान जारी है. छानबीन पूरी करने के बाद पुलिस टीम आरोपियों को लेकर सहारा सिटी से निकल गई. अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि हत्या से पहले सहारा सिटी में कौन-कौन लोग ठहरे थे और उनका निखार सबलोक हत्याकांड से क्या संबंध है.




