रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के सागरा व सोनाखान रेलवे स्टेशनों के बीच डाउन लाइन के किलोमीटर संख्या 453/24 में गुरुवार तड़के 5 बजे भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन की चपेट में आने से एक हाथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है. इस घटना के कारण हावड़ा मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूर्ण रूप से ठप हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी मिलते ही राजगांगपुर से वन विभाग एवं रेलवे की टीमों ने मौके पर पहुंच कर घायल हाथी को क्रेन के सहारे ट्रैक से हटाने का काम शुरू कर दिया है. बताया जाता कि एक मादा हाथी (करीब 15 वर्ष की) पिछले कुछ दिनों से हाथियों के झुंड से बिछड़ गई थी और वह उस इलाके में अकेले ही घूम रही थी. गुरुवार तड़के सुबह वह रेलवे ट्रैक पार कर रही थी, तभी भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई. (नीचे भी पढ़ें)

मादा हाथी के पिछले पैर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, जिससे वह ट्रैक से उठ नहीं पा रही है. हादसे के बाद भुवनेश्वर धनबाद एक्सप्रेस को सोनाखान के पहले रोक दिया गया है. वहीं इस घटना के कारण कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा है. घटना के बाद ट्रेन नंबर 22358 राजगांगपुर में 5.24 बजे सहित अन्य कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं. मौके पर राहत एवं बचाव का कार्य जारी है.














