जमशेदपुर : जमशेदपुर के 21 वर्षीय युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मनीषी ने क्रिकेट की दुनिया में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे सुनकर पूरा झारखंड और देश गर्व महसूस कर रहा है. बेंगलुरु में 28 से 31 अगस्त तक खेले गए दलीप ट्रॉफी के चार दिवसीय मैच में नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन आमने-सामने थे. इस मैच में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए मनीषी ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया. मनीषी ने पहली पारी में नॉर्थ जोन के छह बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. ऐसा करनेवाले वह दुनिया के मात्र छठे गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने अपने पहले ही स्पिन ओवर की पहली गेंद पर नॉर्थ जोन के बल्लेबाज अंकित कुमार को पवेलियन भेजा. इसके बाद उन्होंने शुभमन खजुरिया, यश धुल, कन्हैया वाधवान, आकिब नबी और हर्षित राणा को भी एलबीडब्ल्यू कर ऐतिहासिक छह विकेट अपने नाम किए. मनीषी ने इस पारी में 22.2 ओवर गेंदबाजी की और 111 रन देकर छह विकेट हासिल किए. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के मार्क इलॉट (1995), श्रीलंका के चामिंडा वास (2004/05), पाकिस्तान के तबिश खान (2011/12), इंग्लैंड के ओली रॉबिंसन (2021) और क्रिस राइट (2021) के नाम दर्ज था. अब जमशेदपुर के मनीषी ने इस सूची में अपना नाम जोड़ते हुए पूरे देश को गौरवान्वित किया है. अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मनीषी कुल 25 विकेट ले चुके हैं और एक बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं. उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है और आने वाले दिनों में टीम इंडिया की दहलीज तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
विश्व रिकॉर्ड की बराबरी के बाद मनीषी अपने बिष्टुपुर स्थित डीएवी स्कूल पहुंचे, जहां से उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट की शुरुआत की थी. स्कूल पहुंचते ही प्रिंसिपल प्रज्ञा सिंह ने उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा हम गर्व महसूस करते हैं कि हमारे स्कूल का बेटा आज देश का नाम रौशन कर रहा है. प्रार्थना है कि मनीषी जल्द ही इंडिया टीम में खेलते नजर आएं. मनीषी की इस उपलब्धि ने न सिर्फ जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड को गर्व से भर दिया है. उनका यह ऐतिहासिक प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आएगा.














