चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक के पास गुरुवार की दोपहर एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. एक मामूली गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित हुई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक पिता को कुचल दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. इस हादसे में मृतक की 14 वर्षीय पुत्री बाल-बाल बच गई. मृतक की पहचान चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के खेजुरिया गांव निवासी सालखन मुर्मू (45) के रूप में हुई.यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब सालखन मुर्मू अपनी पुत्री उपल मुर्मू को बाइक से लेकर घर जा रहे थे. उपल मुर्मू चाकुलिया के नारायण दास रुंगटा हाई स्कूल के कक्षा नौवीं की छात्र है और वह हॉस्टल में रहती है. गुरुवार सुबह उसकी तबीयत खराब हो गई थी. (नीचे भी पढ़े)

जिसके कारण सालखन अपनी बेटी को घर ले जाने के लिए आए थे. बिरसा चौक के पास जहां सड़क पर एक गहरा गड्ढा था, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. पिता-पुत्री दोनों बाइक से गिर पड़े. इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक संख्या जेएच 09 एई 0027 ने सालखन मुर्मू को बुरी तरह से टक्कर मार दी.हादसा इतना भीषण था कि सालखन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे. घटना के बाद आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ झामुमो नेता रसीद खान की मदद से 108 एम्बुलेंस बुलाकर सालखन को चाकुलिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन इलाज के दौरान सालखन ने दम तोड़ दिया.(नीचे भी पढ़े)
इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़कों की खराब हालत और बिना किसी रोकटोक के सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग इस तरह की दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्योहार के मद्देनजर सड़क किनारे से सभी अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों, खासकर मोटरसाइकिलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि इस तरह के और हादसे न हों. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक के चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है.














