जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन को टाटा समूह में जगह मिल सकती है. उनको टाटा संस के बोर्ड में शामिल करने की तैयारी की गयी है. अगर ऐसा हुआ तो टाटा स्टील के एमडी रहते टाटा संस के बोर्ड में शामिल होने वाले वे दूसरे ऐसे एमडी होंगे. इससे पहले डॉ जेजे ईरानी टाटा संस के डायरेक्टर के साथ ही टाटा स्टील के एमडी भी रहे है. गौरतलब है कि टाटा ट्रस्ट का चेयरमैन व टाटा संस का डायरेक्टर टाटा स्टील का चेयरमैन भी बनते रहे है. जेआरडी टाटा भी चेयरमैन होते थे. (नीचे भी पढ़े)
बताया जाता है कि टाटा संस में जगह देने को लेकर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से मुलाकात हुई है और इस पर बांबे हाउस में लंबी वार्ता हुई है. टाटा समूह में कई सारे लोगों के इस्तीफा देने के बाद खाली हुए पदों पर उनकी भी नियुक्ति होनी है. इससे पहले टाटा समूह से जगुआर लैंड रोवर के सीइओ राल्फ स्पेथ ने उम्र के कारण अपना इस्तीफा दे दिया था. लीओ पुरी ने भी इससे पहले इस्तीफा दे दिया था जबकि अजय पिरामल ने भी टाटा संस को छोड़ दिया था. तीन बड़े इस्तीफा के बाद टाटा समूह की संचालक टाटा संस के बोर्ड में एक्जीक्यूटिव, नन एक्जीक्यूटिव और स्वतंत्र निदेशक का पद खाली है. इस कारण संभव है कि टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन को टाटा समूह में जगह दी जा सकती है. वे टाटा समूह के चेयरमैन के भी पसंद है.



