जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है. टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब इपीएस 95 (उच्च पेंशन स्कीम) का लाभ मिलेगा. गुरुवार को इपीएफओ आयुक्त उपेंद्र प्रताप सिंह ने टाटा स्टील के अधिकारियों और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को बुलाकर इसकी सहमति पत्र भी दे दी, जिसके बाद कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को भी इपीएस 95 का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है. इससे करीब 6 हजार कर्मचारियों और अधिकारियों को लाभ मिलेगा. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद कोल्हान के क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त के स्तर पर टाटा स्टील के कर्मचारियों और अधिकारियों को इपीएस 95 का लाभ देने से इनकार कर दिया गया था. इसके पीछे यह दलील दी गयी थी कि चूंकि, टाटा स्टील में पीएफ की कटौती ट्रस्ट के माध्यम से होता है, इस कारण सुप्रीम कोर्ट का आदेश इस पर लागू नहीं हो सकता है. इस कारण टाटा स्टील के कर्मचारियों या अधिकारियों को इपीएस 95 का लाभ देने से इपीएफओ आयुक्त ने इनकार कर दिया था. इसके बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने मामले को गंभीरता से लिया और फिर उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार के पास दबाव बनाया. वे अधिकारियों के साथ सीधे नयी दिल्ली में अतिरिक्त सेंट्रल पीएफ कमिश्नर हेडक्वार्टर चंद्रमौली चक्रवर्ती से मुलाकात कर इपीएफओ के तहत इपीएस 95 की सुविधा टाटा स्टील के कर्मचारियों और अधिकारियों को भी देने की मांग की थी. इसको लेकर ज्ञापन सौंपा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद इस मसले को जमशेदपुर के क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त के पास मामला ले जाने को कहा था. इसके बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने जमशेदपुर के क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त उपेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. इसके बाद इस पर अध्ययन करने के बाद गुरुवार को इपीएफओ कमीश्नर ने टाटा स्टील के कर्मचारियों और अधिकारियों को इपीएस 95 देने की मंजूरी दे दी. इसका दस्तावेज भी अध्यक्ष को सौंपा गया. अपने आदेश में इपीएफओ आयुक्त ने कहा है कि उच्च वेतन पर पेंशन के लिए आवेदनों की अस्वीकृति पर रीजनल पीएफ कमीश्नर को दिए गए यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के आवेदन के मद्देनजर, रीजनल पीएफ कमीश्नर जमशेदपुर ने एक आदेश जारी किया है जिसमें उल्लेख किया गया है कि टाटा स्टील पेंशन फंड नियम भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के अनुरूप उच्च वेतन पर पेंशन के लिए पात्रता के उद्देश्य के लिए योग्य हैं. आदेश में लिखा है कि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के 17 जून के आवेदन पर अनुकूल रूप से विचार किया गया है और उपरोक्त आदेश पारित करते हुए इपीएस 95 की कटौती के लायक टाटा स्टील के कर्मचारी और अधिकारियों को पाया गया है. इससे सभी को काफी लाभ होगा और ज्यादा पेंशन के हकदार टाटा स्टील के कर्मचारी और अधिकारी हो जायेंगे.




