जमशेदपुर : जमशेदपुर से उत्तर प्रदेश के अकबरपुर जिले के किछौछा शरीफ दरगाह जा रहे श्रद्धालुओं का सफर मातम में बदल गया. रास्ते में भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, मानगो से सेट कपाली अंसार नगर डेम्दुबी निवासी 45 वर्षीय मुस्लिम अंसारी अपने परिजनों व रिश्तेदारों संग स्कॉर्पियो से यात्रा कर रहे थे. वाहन में कुल सात लोग सवार थे. सभी लोग बिहार के कैमूर जिले के रास्ते सैयद मखदूम अशरफ जहांगीर की दरगाह किछौछा शरीफ जा रहे थे. 2 अक्टूबर की सुबह हादसा तब हुआ जब एन एच-19 पर दुर्गावती थाना क्षेत्र के छज्जूपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े भारी कंटेनर से जोरदार टकरा गई. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में जमशेदपुर निवासी मुस्लिम अंसारी, रोहतास जिले के नेकरा गांव निवासी 45 वर्षीय मुन्ना अंसारी और 60 वर्षीय रजिआ खातून की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, हाजरा खातून, उमर अंसारी और अशरफ अंसारी समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही दुर्गावती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है. हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है. श्रद्धालुओं की यह त्रासदी पूरे इलाके में शोक का कारण बन गई है.



