जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड के आगे स्वर्णरेखा नदी किनारे पाण्डेय घाट से गुरुवार देर शाम एक महिला को गंभीर अवस्था में बरामद किया गया. महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और उसे उपचार के लिए तुरंत एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने बताया कि महिला अचानक नदी की तेज धारा में बह गई थी. पुलिस की नज़र उस पर पड़ी तो तत्काल स्थानीय लोगों की मदद ली गई. आपसी सहयोग से महिला को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)
एम्बुलेंस चालक सुनील चंद्र महतो ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार महिला दुर्गा पूजा विसर्जन के लिए घाट पर आई थी. इसी दौरान किसी कारणवश वह नदी में गिर गई. पानी में गिरने के बाद महिला की हालत बेहद गंभीर हो गई थी. पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उसने मिट्टी कलर की साड़ी और लाल कमीज पहन रखी थी. फिलहाल महिला का नाम, पता अथवा पहचान संबंधी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है. स्थानीय थाना पुलिस ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों को पूरी जानकारी दी है और महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचित किया गया है. साथ ही घाट पर मौजूद कुछ लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसके इलाज में जुटी हुई है. पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति लापता महिला के बारे में जानकारी रखता है तो तुरंत थाना से संपर्क करे.



