जमशेदपुर : साकची शीतला मंदिर चौक के पास स्थित पुलिस अस्पताल में रविवार को रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी एवं जमशेदपुर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का एसएसपी पीयूष पांडे ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को मुफ्त स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया. इसके अतिरिक्त इसमें आरोग्यम जांच केंद्र की ओर से ब्लड टेस्ट, शुगर टेस्ट, बीपी चेकअप, पीएफटी, हाइट-वेट टेस्ट एवं ऑडियोमेट्री टेस्ट (कान का टेस्ट) पर 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की गई. (नीचे भी पढ़ें)

आम तौर पर ₹2500 की जांच का पैकेज पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए यहां सिर्फ ₹500 में उपलब्ध कराया गया. इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को जन औषधि केंद्र के जरिए मुफ्त दवाएं भी दी प्रदान की गईं. रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी के सचिव जितेश कुमार चौधरी ने बताया कि शिविर में जनरल फिजीशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, डेंटल, गायनो, पीडियाट्रिक और जनरल सर्जन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों की जांच की. समाचार लिखे जाने तक तकरीबन 150 पुलिस कर्मियों की जांच की जा चुकी थी और कुल 250 पुलिसकर्मियों की जांच का टार्गेट रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि, एसएसपी पीयूष पांडेय ने पुलिस कर्मियों के लिए ऐसे शिविर के आयोजन के लिए इसमें सेवा प्रदान कर रहे सभी चिकित्सकों, तकनीशियनों एवं शिविर का आयोजन करा रहे रोटरी क्लब ऑफ स्टील सिटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार जताया एवं इस प्रयास की सराहना भी की.














