जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बेकाबू सांड का आतंक लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. गुरुवार सुबह इस हिंसक सांड ने 61 वर्षीय महिला सोमा सरकार की जान ले ली. घटना शंकोसाई के गौड़ बस्ती इलाके की है, जहां बुधवार को इसी सांड ने 15 लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया था. इस घटना ने पूरे इलाके में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क की टीम ने उग्र सांड को ट्रैक्यूलाइज कर बेहोश तो कर दिया था, लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाना संभव नहीं हो पाया. बताया जाता है कि रातभर सांड बेहोश अवस्था में शंकोसाई इलाके में ही पड़ा रहा. (नीचे भी पढे़ं)

गुरुवार सुबह जब उसे होश आया, तो वह फिर से हिंसक हो उठा और इधर-उधर दौड़ते हुए गौड़ बस्ती की ओर चला गया. उसी दौरान सड़क किनारे खड़ी सोमा सरकार पर उसने हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पटक दिया. स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायल महिला को तत्काल टीएमएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया. लोग प्रशासन और नगर निगम की लापरवाही पर जमकर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि बुधवार रात ही सांड को नियंत्रित कर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया होता, तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और टाटा जू की टीम फिर मौके पर पहुंची. टीम ने सांड को दोबारा ट्रैक्यूलाइज किया और उसे जू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है. इस मौके पर टाटा जू के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. पालित के अलावा, पशु चिकित्सा कंपाउंडर एस महतो, कनिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ अंकित, जिला पशुपालन कार्यालय के पशु चिकित्सक मनोज नाग, जेएनएसी के अधिकारी मौजूद रहे.














