गालूडीह : बंगाल की खाड़ी में आये चक्रवाती तूफान के प्रभाव से पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही बारिश और तापमान में गिरावट ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. बारिश के कारण धान की कटाई और मड़ाई का काम प्रभावित हो रहा है. खेतों में खड़ी पकी धान की फसल के साथ खलिहान में रखी कटी फसल भी भीग रही है. इससे धान के दानों की गुणवत्ता, रंग और भंडारण खराब होने की आशंका है. इसको देखते हुए पूर्वी सिंहभूम कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ सीमा सिंह ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि कटी हुई धान की फसल को तत्काल सुरक्षित और ढके हुए स्थान पर रखें. खेतों में जल जमाव नहीं होने दें तथा पानी निकासी की व्यवस्था करें. उन्होंने मौसम साफ होते ही पके धान की कटाई और मड़ाई पूरी करने की सलाह दी है. साथ ही, भीगे हुए धान का अच्छी तरह सुखाने के बाद ही भंडारण करने को कहा है, ताकि फसल में फफूंद लगने और उसकी गुणवत्ता खराब होने से बचाया जा सके. उन्होंने किसानों को मौसम विभाग की चेतावनियों और कृषि विज्ञान केंद्र की सलाह का पालन करने का भी आग्रह किया है.















