चांडिल : सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन की ओर से बाल श्रम की रोकथाम के लिए गठित टास्क फोर्स ने रविवार को दिरलौंग, झाबरी, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गाड़ी वाशिंग सेंटर में छापामारी कर वहां कार्य कर रहे 5 अवयस्क बालकों का रेस्क्यू कराया. बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें उनके परिजन के सुपुर्द कर दिया गया. वाशिंग सेंटर के संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई. चूंकि बच्चे 14 साल से ऊपर के थे, इसलिए मुकदमा दर्ज नहीं किया गया सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

जिला टास्क फोर्स के सदस्य सैयद अयाज हैदर ने बताया कि वे लोग सरायकेला जिले को पूरी तरह से बाल मजदूर मुक्त जिला बनाने के लिए प्रयासरत हैं. आज के इस अभियान में जिला बाल कल्याण समिति के सैयद आयाज़ हैदर, वीणारानी महतो, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, चाइल्ड हेल्पलाइन, सरायकेला के समीर महतो, कंचन कुमार, डालसा के सुखरंजन कुमार, बिट्टू प्रजापति के साथ में चांडिल थाना के अशोक कुमार यादव दलबल के साथ शामिल रहे.















