जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की टीम सोमवार को आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित गरीब कॉलोनी में प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर जांच करने पहुंची. टीम के पहुंचते ही स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने अचानक विरोध शुरू कर दिया. प्लास्टिक की दुकान-दर-दुकान जांच और संभावित जब्ती कार्रवाई को लेकर लोग उत्तेजित हो उठे. दुकानदारों का कहना था कि बिना पूर्व सूचना, जागरूकता अभियान और वैकल्पिक व्यवस्था दिए सीधे कार्रवाई करना उचित नहीं है. उनका आरोप था कि निगम ने न तो कोई बैठक की और न ही यह बताया कि किस प्रकार के प्लास्टिक पर प्रतिबंध है तथा उसके बदले कौन सा विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने कहा कि गरीब कॉलोनी में अधिकांश लोग छोटे पैमाने पर व्यवसाय चलाते हैं और प्लास्टिक ही उनके लिए सबसे आसान व किफायती पैकिंग का साधन है. ऐसे में अचानक कार्रवाई से उनकी रोज़ी-रोज़गार प्रभावित होगी. (नीचे भी पढ़ें)
विरोध बढ़ता देख वहां माहौल कुछ देर तक तनावपूर्ण रहा. दुकानदारों ने नारेबाजी की और टीम को कार्रवाई रोकने की मांग की. हालात बिगड़ते देख नगर निगम की टीम को जांच अधूरी छोड़ वापस लौटना पड़ा. घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल भी पहुंचा, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे. पूरा मामला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. कुछ लोगों ने निगम की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि प्लास्टिक प्रतिबंध लागू करना आवश्यक है, जबकि अन्य ने प्रशासन को दोषी बताते हुए कहा कि जनता से संवाद, जागरूकता और विकल्प उपलब्ध कराना किसी भी अभियान की पहली शर्त होनी चाहिए. घटना यह संकेत भी देती है कि किसी भी प्रकार की सरकारी कार्रवाई या अभियान में जनता की सहभागिता और संवाद अत्यंत आवश्यक है. यदि लोगों को जानकारी, समय और विकल्प दिए जाएं, तभी प्रतिबंध जैसी नीतियां प्रभावी रूप से लागू हो पाती हैं.














