
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के सीपी क्लब के पास 26 नवंबर को हुए मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आरोपित उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे आरोपित अमन कुमार की तलाश जारी है. गोलमुरी टुइलाडूंगरी निवासी मनोज कुमार ने सोनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज शिकायत के अनुसार, वह नर्स क्वार्टर चौक के पास स्थित दुर्गा इलेक्ट्रिकल्स में कार्यरत हैं. 26 नवंबर की दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे वह मरारपाड़ा स्थित गोदाम से सामान लेकर स्कूटी से लौट रहे थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
इसी दौरान पुराना सीपी क्लब के समीप मेन रोड पर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने पीछे से उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपितों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी. विरोध करने पर एक युवक ने उन पर तलवार से हमला कर दिया. घटनास्थल पर मौजूद लोग डर के कारण आगे नहीं आए. किसी तरह जान बचाकर मनोज वहां से भाग निकले और थाने में शिकायत दर्ज कराई. घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने फुटेज का अवलोकन कर आरोपितों की पहचान की, जिसके आधार पर एक गिरफ्तारी की गई है और दूसरे की तलाश की जा रही है.



