सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार सुबह एक युवक का शव केंदू के पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दुर्योधन मंडल के रूप में हुई है, जो दो बच्चों का पिता था. बताया गया कि बुधवार शाम किसी बात पर गुस्से में वह घर से निकल गया था और देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. सुबह ग्रामीणों ने प्रदीप मंडल की जमीन पर स्थित पेड़ से शव लटका देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. गम्हरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेजा. पुलिस घरेलू विवाद, आत्महत्या या किसी साजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.



