नयी दिल्ली: इंडिगो संकट के बीच रविवार शाम तक एयरलाइन ने यात्रियों को 610 करोड़ का रिफंड किया है. इसके साथ ही कंपनी ने देशभर में यात्रियों के 3 हजार से ज्यादा बैगेज भी लौटाए. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी. मंत्रालय ने बताया कि रिफंड या री-बुकिंग पर एक्स्ट्रा पैसा नहीं लिया जाएगा. यात्रियों की मदद के लिए स्पेशल सपोर्ट सेल बनाए गए हैं. इसके साथ ही इंडिगो के फ्लाइट ऑपरेशन में भी तेजी आई है. डोमेस्टिक फ्लाइट फुल कैपेसिटी के साथ उड़ान भ रही हैं.इंडिगो के सीइओ पीटर एल्बर्स ने बताया कि हम 138 में से 137 डेस्टिनेशंस पर 1650 फ्लाइट ऑपरेट कर रहे हैं. ऑन टाइम परफॉर्मेंस 75 फीसदी रहने का अनुमान है. शनिवार को यह आंकड़ा 1500 था. एयरलाइन रोजाना करीब 2300 उड़ानें ऑपरेट करती है. (नीचे भी पढ़े)
हमारी सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं. आज भी इंडिगो की 650 से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल हुई हैं. इनमें दिल्ली, चेन्नई, जयपुर, हैदराबाद, भोपाल, मुंबई, त्रिची से जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं. इससे पहले एयरलाइन ने शुक्रवार को लगभग 1600 फ्लाइट और शनिवार को लगभग 800 फ्लाइट कैंसिल की थीं. विदित हो कि कंपनी को पैसे रिफंड करने और कैंसिल या रुकी हुई फ्लाइट्स के लिए पूरा रिफंड प्रोसेस 7 दिसंबर को रात 8 बजे तक पूरा करनी होगी. अगले 48 घंटों में पैसेंजर के बैगेज को ट्रेस करके डिलीवर करना होगा. इंडिगो ने रविवार को एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा है कि इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप बनाया है. इसमें चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता, बोर्ड डायरेक्टर्स ग्रेग सारेत्स्की, माइक व्हिटेकर और अमिताभ कांत, और सीइओ पीटर एल्बर्स शामिल हैं.














