जमशेदपुर : टाटा मोटर्स में शुक्रवार को जनरल ऑफिस एवं विभिन्न डिवीजनों में केक कटिंग कर एवं एक-दूसरे को बधाइयां देकर वर्ष 2026 की शुरुआत की गई. इस दौरान नये वर्ष में प्रोडक्शन, क्वालिटी और सेफ्टी जैसे विषयों पर चर्चा भी की गई. जनरल ऑफिस के कार्यक्रम में प्लांट हेड सुनील तिवारी, यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया एवं नव वर्ष की बधाइयां दीं. इस अवसर पर प्लांट हेड सुनील तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2025 में ज्यादातर महीने प्रोडक्शन और बिक्री सामान्य से कम रहा, लेकिन जीएसटी का नया रूप आने के बाद बिक्री में गति आई है और डिमांड के हिसाब से जमशेदपुर प्लांट आप सबको सहयोग से गाड़ियां लगातार दे रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि आनेवाले समय में मांग पुरजोर है, जमशेदपुर आशा के अनुरूप गाड़ी बना पाएगा, ऐसी मैं आशा करता हूं. हमारी गाड़ियां समय से आपूर्ति हों, गुणवत्ता एवं सुरक्षा तीनों मापदंड पर खरा उतरते हुए हमें आगे बढ़ना है. इस अवसर पर महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि टाटा मोटर्स के सभी कर्मचारी साथियों ने जब जैसी आवश्यकता हुई है, वैसा उत्पादन किया है, गुणवत्ता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए. आगे भी जो भी टारगेट आयेगा उसको पूरा किया जाएगा. गुणवत्तापूर्ण गाड़ी बनाकर ही हम कंपनी को आगे बढ़ा सकते हैं और सुरक्षा न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे परिवार के लिए आवश्यक है. सुरक्षा हमारी आदत में होनी चाहिए. इस अवसर पर एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सैमिक राय सभी वरीय पदाधिकारी एवं यूनियन के सभी ऑफिस बीययर उपस्थित रहे. सभी ने एक-दूसरे को नव वर्ष की बधाइयां दीं.















