जमशेदपुर : गोलमुरी के टुइलाडुंगरी गढ़ाबासा कम्युनिटी सेंटर में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा एवं लक्ष्मीनारायण यक्ष के छठे दिन, शुक्रवार को व्यास पीठ से कथावाचक आचार्य कुमार स्वामी ने श्री कृष्ण-रुक्मिणी विवाह, महारास, गोपी-उद्धव संवाद आदि से संबंधित प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया. उनकी वाणी से कृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए. इस दौरान उपस्थित जम्मूवाले बाबा ने श्रीकृष्ण एवं रुक्मिणी का विवाह संपन्न कराया. इसमें श्रद्धालु महिलाओं ने विवाह के मंगल गीत भी गाये. (नीचे भी पढ़ें)

कथा से पूर्व प्रति दिन की भांति लक्ष्मीनारायण यज्ञ के तहत यज्ञ पुरोहित ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कराई. आज की यजमान, समिति की अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने पूजा संपन्न की. कथा वाचक आचार्य कुमार स्वामी ने कहा कि रुक्मिणी विदर्भ देश के राजा भीष्म की पुत्री और साक्षात लक्ष्मी का अवतार थीं. रुक्मिणी ने जब देवर्षि नारद के मुख से श्रीकृष्ण के रूप-सौंदर्य एवं गुणों की प्रशंसा सुनी तो उन्होंने मन ही मन श्रीकृष्ण से विवाह करने का निश्चय कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने 16 हजार कन्याओं से विवाह कर उनके साथ सुखमय जीवन बिताया. उन्होंने कहा कि महारास में भगवान श्रीकृष्ण ने बांसुरी बजा कर गोपियों का आह्वान किया. महारास लीला द्वारा ही जीवात्मा परमात्मा का मिलन हुआ. कथावाचक ने कहा कि जीव परमात्मा का अंश है, इसलिए जीव के अंदर अपार शक्ति होती है. यदि कोई कमी रहती है तो वह मात्र संकल्प की होती है. संकल्प व कपट रहित होने से प्रभु उसे निश्चित रूप से पूरा करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

कथावाचक आचार्य कुमार स्वामी ने महारास का वर्णन करते हुए कहा कि रास पंचाध्यायी में पांच अध्याय हैं. उनमें गाए जाने वाले पंच गीत भागवत के पंच प्राण हैं. जो भी ठाकुरजी के इन पांच गीतों को भाव से गाता है, वह भवसागर पार हो जाता है. उन्हें वृंदावन की भक्ति सहज प्राप्त हो जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
आज की कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. सातवें दिन शनिवार को कथा वाचक धर्म, सत्य और कलियुग की महिमा के वर्णन के साथ ही श्रीकृष्ण की बाल सखा सुदामा पर कृपा का प्रसंग सुनाएंगे.















