बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात मवेशी चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. बोड़ाम थाना से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम काली मंदिर के समीप साधु महतो के गोहाल से अज्ञात चोरों ने दो दुधारू गाय और दो बछड़ों की चोरी कर ली. यह घटना शुक्रवार की रात करीब एक बजे के बाद की बताई जा रही है. घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है और पशुपालकों में डर का माहौल है. बताया जाता है कि घटना के समय साधु महतो और उनके परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सोए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर चोर गोहाल तक पहुंचे और मवेशियों को बांधने वाली रस्सियों को काटकर चारों पशुओं को अपने साथ ले भागे. चोरों ने इस वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. सुबह जब साधु महतो गोहाल पहुंचे तो मवेशी गायब देखकर उनके होश उड़ गए. इसके बाद आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी गयी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग साधु महतो के घर के पास जुट गए और घटना की जानकारी लेने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
ग्रामीणों में चोरी को लेकर भारी आक्रोश देखा गया. सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. थाना प्रभारी ने गोहाल और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि मवेशी चोरी के इस मामले में हर बिंदु पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा. इस घटना में पीड़ित पशुपालक साधु महतो को करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है. ग्रामीणों का कहना है कि थाना के इतने पास इस तरह की घटना होना पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और मवेशी चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र के पशुपालक अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं.















