सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिंड्राबेड़ा मोड़ पर गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में स्कोडा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी. इस हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चालक को मामूली चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कोडा कार (जेएच 10 सीके 0705) तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान अचानक सामने से एक बाइक आ जाने के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार पलट गयी और मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. (नीचे भी पढ़ें)
वाहन चालक शहवाज ने बताया कि वह अपने दो परिचितों के साथ जरूरी काम से मुड़िया गया हुआ था और लौटते समय यह दुर्घटना हुई. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा. पुलिस ने वाहन हटवाकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.



