जमशेदपुर : शनिवार को सोनारी श्री श्याम सेवा संघ का 23वां श्याम महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. यह धार्मिक कार्यक्रम संस्था के अध्यक्ष अशोक दीवान के नेतृत्व में दो चरणों में संपन्न हुआ. प्रथम चरण में दोपहर 01.30 बजे से सोनारी राम मंदिर से विशाल शोभा यात्रा निकाली गई जो विभिन्न मार्गों से होते हुए महोत्सव स्थल, लक्ष्मी नारायण मारवाड़ी मंदिर पहुंच कर संपन्न हुई. इसमें 251 श्याम प्रेमी निशान लिये बाबा श्याम के जयकारे लगाते और भजन गाते चल रहे थे. शोभा यात्रा में सबसे आगे दो ब़ड़े ध्वज, एक बाबा श्याम और दूसरा हनुमान जी का लिये भक्त चल रहे थे. शोभा यात्रा के दौरान भक्तों द्वारा लगाये जा रहे जय श्री श्याम, शीश के दानी, हारे का सहारा के जयघोष पूरे रास्ते गूंजते रहे. निशान शोभा यात्रा और जागरण में कई गणमान्य लोगों ने शिरकत कर बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया. इससे पहले राम मंदिर में निशान की पूजा मुख्य यजमान पीयूष चूड़ीवाला और महेश अग्रवाल ने की. पं विपिन पांडेय ने विधिवत रूप से पूजा अर्चना कराई. शोभा यात्रा में सबसे आगे एक घोड़े पर सवार बाबा श्याम का रूप बनाये कलाकार और उसके पीछे खुले वाहन पर सजा बाबा श्याम का दरबार के साथ भक्त चल रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

श्याम तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा हैं…, दूसरे चरण में रात्रि कीर्तन में मुख्य यजमान उमा-पंकज अग्रवाल ने पूजा की और पंडित विपिन पांडेय ने विधिवत पूजा अर्चना संपन्न कराई और सब भक्तों को रक्षा सूत्र बांधा. भजनों की अमृत वर्षा के लिए आमंत्रित सुप्रसिद्ध भजन गायक आदर्श दधीच एवं शुभम अग्रवाल ने गणेश वंदना से रात 09.15 बजे भजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने चल खाटू के धाम पता नहीं क्या तुझे मिल जाए…., बाबा थारी चाकरी भी ठाकरी सी लागे जी…, एक दिन तो आएगा मेरा खाटू वाला यही सोच मैंने खुद को सम्हाला…, मेरी झोपडी के भाग आज खुल जाएंगे श्याम आयेंगे…, श्याम तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा हैं…, श्याम हमारा है तुम्हारा है श्याम ही हारे का सहारा है…, कभी रूठना ना मुझ से श्री श्याम सांवरे…, लोगों का सहारा तो बहुत होंगे मेरा तो सहारा सिर्फ तू है…, दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से…, आदि भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई. कलाकारों के भजनों पर श्रोता भाव विभोर हो उठे और जमकर तालियां बजाकर बाबा श्याम को रिझाया. देर रात 2 बजे श्याम प्रेमियों द्वारा बाबा की सामूहिक आरती के बाद छप्पन भोग वितरण के साथ महोत्सव संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

निशान यात्रा में शामिल भक्तों की मार्ग में चाय, पानी, जूस, कोल्डड्रिक्स आदि की स्व बाबूलाल अग्रवाल के निवास स्थान के पास, आहार रेस्टुरेंट के पास सुरेश अग्रवाल, वनराज अखाडा के पास केसरी परिवार द्वारा, नर्सेज क्वाटर चौक में श्याम मेडिकल के पास की सेवा की गई. इस महोत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष अशोक दीवान, श्याम अग्रवाल, अरविन्द अग्रवाल, मनीष गर्ग, चेतन अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, रुपेश जैन, राजेश टोड़ी, कमल अग्रवाल, बजरंग वर्मा, राहुल अग्रवाल, विजय गुप्ता, विवेक अग्रवाल, विनोद दीवान, महेश अग्रवाल समेत श्री श्याम सेवा संघ सोनारी के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.


















