जमशेदपुर : नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के मतदान कार्य हेतु प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत् डिस्पैच किया गया. इस अवसर पर जमशेदपुर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त कर्ण एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पियुष पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. अधिकारियों द्वारा मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं परिवहन प्रबंधन की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. जुगसलाई नगर परिषद और मानगो नगर निगम के अलावा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र हेतु कुल (रिज़र्व सहित) सभी मतदान दलों को रवाना किया गया. (नीचे भी पढ़े)

इस दौरान पुलिस पार्टी को भी रवाना किया गया. लोगों को पूरी ट्रेनिंग दी गयी है कि उनको वोटिंग कैसे कराना है. निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मतदान कर्मियों से संवाद स्थापित कर उन्हें स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें तथा विधि-व्यवस्था संधारण में सतर्कता एवं उत्तरदायित्व का परिचय दें. मतदान 23 फरवरी को प्रातः 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगा. मतदान उपरांत सभी मतपेटियों को विधिवत् सीलबंद कर सुरक्षित रूप से वज्रगृह में संरक्षित रखा जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

मतगणना 27 फरवरी को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में संपन्न की जाएगी. निरीक्षण के दौरान कई वरीय अधिकारी मौजूद थे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है. इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.













