जमशेदपुर : जमशेदपुर से निकट कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा चौक में रविवार को बच्चा चोर की अफवाह से अचानक अफरातफरी मच गई. संदिग्ध गतिविधि के शक में स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और माहौल गर्म हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौक पर मौजूद लोगों को युवक की हरकतें संदिग्ध लगीं. इसी बीच किसी ने उसके बच्चा चोर होने की आशंका जता दी. अफवाह तेजी से फैली और लोगों ने युवक को घेरकर पूछताछ शुरू कर दी. युवक ने अपना नाम सोम मांझी बताया और खुद को नीमडीह थाना क्षेत्र का निवासी बताया. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एवं भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और युवक को सुरक्षित कब्जे में लेकर ओपी ले गए. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक किन्नर का वेश धारण कर कांदरबेड़ा चौक पर राहगीरों से पैसे मांगकर जीवन यापन करता है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल युवक के खिलाफ किसी आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि पूरे मामले की जांच जारी है. यह पता लगाया जा रहा है कि वह कमारगोड़ा चौक पर किस उद्देश्य से मौजूद था. पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोर जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून हाथ में लेने से बचें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखी जा सके.














