जमशेदपुर : तेल कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है. घरेलू सिलेंडर यानी रसोई के लए यूज किये जाने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर के दाम में करीब एक साल के बाद बढ़ोतरी की गयी है, जो 60 रुपये महंगा हो चुका है. साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है. 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़े है. (नीचे भी पढ़ें)
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है. इस हिसाब से देखा जाये तो जमशेदपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 892.50 रुपये से बढ़कर 952.50 रुपये हो गया है. इसी तरह 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी 115 रुपये बढ़ी है. जमशेदपुर में 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों 2031 रुपये हो गयी है. इसके अलावा, 10 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर को भी महंगा कर दिया गया है. पहले 638 रुपये में मिलने वाला यह सिलेंडर अब 680.50 रुपये में मिलेगा. गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च को भी 19 किलो वाले सिलेंडर के दामों में 31 रुपये का इजाफा हुआ था. कीमतों में हो रही इस लगातार वृद्धि का सीधा असर शहर के रेस्टोरेंट, होटल, ठेले और छोटे खाद्य कारोबारियों पर पड़ना तय है.
उत्पादन बढ़ाने का निर्देश, सरकार ने किया आश्वस्त :
ईरान संकट के कारण दुनियाभर में गहराते ऊर्जा संकट की आशंका के बीच भारत सरकार अलर्ट मोड पर है. सरकार ने सभी सरकारी और निजी एलपीजी रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया है. हालांकि, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद भारत में ऊर्जा की कोई कमी नहीं होगी.







