जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पूर्व शनिवार को टेल्को के बारीडीह स्थित विजया गार्डन्स में प्री-वूमेन डे कार्यक्रम के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली. यहां समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. सुबह 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित इस स्वास्थ्य जांच शिविर में महिलाओं के साथ-साथ पुरुषों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली. शिविर में 120 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई, जिससे पूरे बारीडीह क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक संदेश फैलता नजर आया. (नीचे भी पढ़ें)
इस स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन सुनीता युगल के नेतृत्व में किया गया, जिसमें ऋतु सिन्हा, विजय प्रभा और बीना झा का महत्वपूर्ण योगदान रहा. सभी के सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया. वहीं शाम 6 बजे से 9 बजे तक विजया गार्डन्स क्लब हाउस में प्री-वूमेन डे के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन ऋतु सिन्हा और मीता पाल के नेतृत्व में होगा, जिसमें सुनीता युगल और विजय प्रभा का भी विशेष सहयोग रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में महिलाओं के सम्मान, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को रेखांकित करने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे. आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना, उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूत करना है. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि ऐसे सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं.







