जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडीह स्थित गाड़ीवानपट्टी में बुधवार को बच्चा चोरी के संदेह में एक महिला को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने महिला को बांस के खंभे से रस्सी के सहारे बांध दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना के संबंध में पीड़िता जैतून बीबी ने बताया कि वह पास की दुकान पर राशन लेने गई थी, जबकि उसके बच्चे घर के बाहर मैदान में खेल रहे थे. इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और उसकी तीन साल की बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगी. बच्ची को खींचते देख उसके छोटे बेटे ने शोर मचा दिया और परिजनों को बुला लिया. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों को आते देख महिला भागने लगी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और खंभे से बांध दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लेकर थाने ले गई.






