रांची: आजसू छात्र संघ की डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय रांची इकाई के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो. राजीव मनोहर से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बुके एवं झारखंड की पारंपरिक छऊ नृत्य का मुखौटा भेंट कर सम्मानित किया. इस दौरान छात्र संघ की ओर से विभिन्न शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं के समाधान को लेकर एक मांग-पत्र भी सौंपा गया. छात्र नेताओं ने कहा कि लगभग एक वर्ष तक विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति नहीं होने के कारण कई शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याएं लंबित रहीं. नए कुलपति के पदभार ग्रहण करने से छात्र-छात्राओं में उम्मीद जगी है कि विश्वविद्यालय की समस्याओं का जल्द समाधान होगा और विश्वविद्यालय को नई दिशा मिलेगी.
आजसू छात्र संघ ने कुलपति के समक्ष विश्वविद्यालय में पठन-पाठन को नियमित व सुचारू रूप से संचालित करने, नॉन-टीचिंग कर्मियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करने तथा विश्वविद्यालय के सभी प्रोफेशनल कोर्स को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से अनुमोदित कराने की मांग रखी. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा छात्र संघ ने सत्र 2020–23, 2021–24 एवं 2022–25 के स्नातक छात्र-छात्राओं के लिए स्पेशल परीक्षा आयोजित करने की मांग की. साथ ही राजभवन के निर्देशानुसार एक शिक्षक द्वारा एक से अधिक प्रशासनिक पदों पर कार्य करने की व्यवस्था को समाप्त करने की बात कही. छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव जल्द कराने की मांग भी उठाई. उन्होंने कहा कि पिछले लगभग छह वर्षों से विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुआ है. फरवरी 2026 में विश्वविद्यालय द्वारा इलेक्टोरल रोल जारी किया गया है, लेकिन अब तक चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है. इस मौके पर विश्वविद्यालय संयोजक रवि रोशन, प्रशांत महतो, खुशबू यादव, रोशन नायक, विनायक, मानस कुमार, बीटू वर्मा, आशीष व योगेश महतो सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे.







