जमशेदपुर : जमशेदपुर के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब डोबो रोड स्थित पुड़ीसिल्ली पंप हाउस के समीप एक अज्ञात शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी. मिली जानकारी के अनुसार डोबो रोड स्थित पंप हाउस के पास बहने वाले नाले में एक शव पड़ा दिखा. नाले के किनारे से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कपाली ओपी पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नाले से शव को बाहर निकलवाया. (नीचे भी पढ़ें)
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शव काफी समय से नाले में पड़ा था. उन्होंने बताया कि मृतक ने जैकेट पहन रखा है, लेकिन शव की स्थिति काफी खराब हो जाने के कारण उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है ताकि मृतक की पहचान हो सके. साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही ईचागढ़ थाना क्षेत्र के पातकुम पुलिया के पास करकड़ी नदी किनारे बोरे में बंद एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था. उस मामले में भी अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. लगातार दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अज्ञात शव मिलने की घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग कई तरह की आशंकाएं जता रहे हैं. फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में शव की पहचान करने और घटनाओं के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.



