
जमशेदपुर : सफाईकर्मियों के अधिकार, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शुक्रवार को झारखंड प्रदेश युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के नेतृत्व में जिला श्रम कार्यालय (डीएलसी), जमशेदपुर के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान अपर श्रमआयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई. कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे. धरना को संबोधित करते हुए प्रदेश इंटक अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि श्रमिकों को उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्य वातावरण देना अत्यंत आवश्यक है. प्रशासन व नियोजकों को सफाईकर्मियों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए. वहीं, युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने कहा कि सफाईकर्मी शहर को स्वच्छ रखने में दिन-रात योगदान देते हैं, फिर भी उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान इन लोगों ने मांग की है कि सफाईकर्मियों को 26 के बजाय पूरे 30 दिनों के वेतन का भुगतान किया जाए. ठेका प्रथा समाप्त कर सीधी व स्थायी नियुक्ति की व्यवस्था हो, ईएसआई, पीएफ, स्वास्थ्य बीमा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, कार्य के दौरान मॉडर्न सेफ्टी किट और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराये जाएं. उत्पीड़न पर रोक लगे और नियमित शिकायत निवारण व्यवस्था बनाई जाए. इस मौके पर युवा इंटक के सोशल मीडिया प्रभारी रितेश राय ‘जैकी’, सचिव जितेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष रोहन सिंह, रोशन मुखी, नमिता सिंह, सोनू सिंह, प्रज्ञा शर्मा, मिथुन चक्रबर्ती, शुभम शुक्ला, सुदामा मुखी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.




