जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित कलिकापुर बाजार के समीप रविवार को एक होटल में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा होटल जलकर खाक हो गया. हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता के कारण आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया. घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. वहीं स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय होटल में खाना बनाया जा रहा था, ऊसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं. स्थिति को गंभीर होता देख होटल के कर्मचारी और वहां मौजूद ग्राहक तुरत बाहर निकल गए. लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका. आग की लपटें कुछ ही देर में होटल में रखे दूसरे गैस सिलेंडर तक पहुंच गईं, जिससे लगातार दो सिलेंडरों में जोरदार ब्लास्ट हो गया. विस्फोट के बाद आग और भी भड़क उठी और पूरी दुकान जलकर राख हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि होटल में रखे दो अन्य गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, नहीं तो और अधिक तबाही होती. होटल के आसपास कई घर होने के कारण आग फैलने की आशंका थी, लेकिन स्थानीय लोगों की मुस्तैदी और दमकल विभाग की तत्परता से आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया. फिलहाल घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.




