जमशेदपुर : हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के उपलक्ष्य में दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन बिष्टुपुर राम मंदिर में किया गया. संस्था के संयोजक निरंजन पांडेय के नेतृत्व में सभी सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया. मंदिर प्रांगण में पूजा-अर्चना के पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के वरिष्ठ सदस्य दिलीप गोयल, बलबीर पांडेय तथा राम मंदिर समिति के अध्यक्ष वीडी गोपालकृष्णन द्वारा किया गया. इसके उपरांत श्रद्धालुओं एवं मंदिर के मुख्य पुजारी के सान्निध्य में हनुमान चालीसा का पाठ हुआ. विशेष उल्लेखनीय रहा कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के साथ 11,000 दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे सम्पूर्ण वातावरण राम नाम के भजनों और उद्घोषों से आलोकित एवं उत्साहपूर्ण हो उठा. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दौरान बलबीर पांडेय द्वारा राम नाम के भजन प्रस्तुत किए गए, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसे संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजू सिंह ने प्रस्तुत किया. उन्होंने सभी अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया. संस्था के मुख्य संरक्षक नन्दजी प्रसाद ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया है. कार्यक्रम की सफलता में वाई. ईश्वर राव, वर्मा प्रसाद, जीतेन्द्र प्रसाद, संजय कुमार, तपन कर्मकार, एम. महेश, गंगा मोहन, रॉकी सिंह, विजय मंडल, सौरव, बीच्छा राव, राजेश मोहंती एवं संजय केसरी का विशेष योगदान रहा.



