सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन विभाग के बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य और एक कथित दलाल विनय तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. इस दोहरी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला में उपायुक्त की मौजूदगी में भू-अर्जन से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही थी. इसी दौरान प्रीतम आचार्य के मोबाइल पर कॉल आया, जिसके बाद वह बैठक से बाहर निकले और कथित रूप से रिश्वत के लेनदेन में जुट गए. पहले से घात लगाए एसीबी की टीम ने मौके पर ही उन्हें रंगे हाथों दबोच लिया. (नीचे भी पढे़ं)
इसी क्रम में एसीबी की दूसरी टीम ने गम्हरिया प्रखंड कार्यालय परिसर से विनय तिवारी नामक कथित दलाल को भी गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि वह अपनी बोलेरो गाड़ी में बैठकर पैसे गिन रहा था, तभी टीम ने उसे पकड़ लिया. सूत्रों के अनुसार, यह मामला जमीन से जुड़े एक बड़े सौदे से संबंधित है, जिसमें करीब 40 लाख रुपये की डील तय होने की बात सामने आ रही है. जानकारी के मुताबिक, इस सौदे के तहत पहली किस्त के रूप में लगभग 5 लाख रुपये का लेनदेन किया जा रहा था. (नीचे भी पढे़ं)
हालांकि, पूरे मामले में अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है. इस कार्रवाई के बाद जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालयों तक हलचल तेज हो गयी है. सरकारी दफ्तरों में चर्चा का माहौल है, वहीं आम लोगों ने एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम बताया है.



