जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत टीआरएफ कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग परेशान हैं. इसी कड़ी में सोमवार को एक और चोरी की घटना सामने आई, जिससे कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया है. जानकारी के अनुसार, टीआरएफ कॉलोनी निवासी विवेक पांडे की बाइक पर दो चोर हाथ साफ करने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात गार्ड की नजर उन पर पड़ गयी. गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए दोनों चोरों को पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान एक चोर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया, जबकि दूसरे चोर को गार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया गया. (नीचे भी पढे़ं)
पकड़े गए चोर की पहचान राहुल कामत के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.



