जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के बड़ाबांकी पीपला निवासी जमीन कारोबारी लालटू महतो के अपहरण और बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. रुपये के विवाद में उनके परिचितों ने ही उन्हें निशाना बनाया. आरोप है कि अपहरण के बाद आरोपियों ने थर्ड डिग्री टॉर्चर करते हुए जबरन 6 लाख रुपये के मनी रिसीप्ट पर हस्ताक्षर करा लिए. पीड़ित लालटू महतो के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब साढ़े 9 बजे वे भारत पेट्रोलियम चांदनी चौक के पास अपने परिचित अमितोष महतो उर्फ धनु के साथ मौजूद थे. तभी गोलकाटा निवासी संतोष कर्मकार दो अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में बैठाकर पारडीह स्थित बिग बाजार के पास विजय शर्मा के पास ले गए. (नीचे भी पढे़ं)
वहां विजय शर्मा और उसके ड्राइवर ने भी लालटू के साथ मारपीट की और फिर उन्हें अपने घर ले जाकर पूरी रात लात-घूंसों से पीटा. इस दौरान आरोपियों ने जबरन 6 लाख रुपये के पांच मनी रिसीव पर हस्ताक्षर करा लिए. इसके बाद उन्हें मुसाबनी ले जाया गया, जहां रात करीब 3 बजे तक लगातार मारपीट की गयी. पीड़ित ने बताया कि अधमरी हालत में संतोष कर्मकार उन्हें उनके घर के बाहर छोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद लालटू महतो ने अस्पताल में इलाज कराया और अब मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गयी है. घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लालटू के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और आरोपियों की तलाश जारी है.



