जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फुटपाथ पर लगी एक सब्जी दुकान में अचानक आग लग गयी. जानकारी के अनुसार, यह दुकान मधु नामक युवक की थी, जो रोजाना यहां सब्जी बेचकर अपना जीविकोपार्जन करता है. आग लगने की घटना देर रात हुई, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखी सब्जियां और अन्य सामान जलकर राख हो गए. घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है और हर पहलू से घटना की छानबीन की जा रही है. गौरतलब है कि इस इलाके में फुटपाथ दुकानदारों से रंगदारी मांगने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं, जिसके कारण इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है.



