जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित हावड़ा ब्रिज के पास हेम सिंह बगान में एक दुकान को लेकर मकान मालिक और किरायेदार के बीच पुराना विवाद मंगलवार रात अचानक गंभीर हो गया. दिन भर चली तनातनी रात होते-होते डकैती के आरोप तक पहुंच गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. किरायेदार सोनू अग्रवाल की पत्नी प्रीति अग्रवाल ने मकान मालिक अमनदीप सिंह, अश्विन सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दुकान में डकैती करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उनका कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के दुकान का ताला बदल दिया गया और सामान पर कब्जा कर लिया गया. दूसरी ओर, मकान मालिक पक्ष ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. (नीचे भी पढ़ें)

अश्विन सिंह के अनुसार, बीते 28 वर्षों से दुकान किराये पर दी गई थी, लेकिन हाल ही में सभी किरायेदारों को मौखिक रूप से दुकान खाली करने का निर्देश दिया गया था. उन्होंने दावा किया कि अन्य किरायेदार एडवांस राशि लेकर पहले ही दुकान खाली कर चुके हैं और सोनू अग्रवाल ने भी 15 मार्च को पांच लाख रुपये एडवांस लेकर 23 मार्च को दुकान खाली कर दी थी. वहीं किरायेदार पक्ष का कहना है कि वे “श्याम कार केयर” के नाम से वर्षों से दुकान चला रहे हैं और मार्च तक का किराया नियमित रूप से चुकाया गया है. प्रीति अग्रवाल के मुताबिक, न तो कोई लिखित नोटिस दिया गया और न ही एडवांस राशि लौटाई गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि 23 मार्च तक दुकान उनके कब्जे में थी, जिसका प्रमाण ऑनलाइन लेन-देन से मिल सकता है. घटना के बाद दोनों पक्ष दुकान के सामने धरने पर बैठ गए और न्याय की मांग करने लगे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर तैनात रही और मामले की जांच शुरू कर दी है.



