जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में ईद के दिन हुई चाकूबाजी की घटना में फरार चल रहे आरोपी ने अंततः पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. इस घटना में मोहम्मद रमजान नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया था. घायल रमजान के बयान के आधार पर कपाली ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. दर्ज मामले में गौसनगर निवासी मोहम्मद कादिर अंसारी पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया गया था. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी. (नीचे भी पढे़ं)
इसी बीच पुलिस का दबाव बढ़ता देख आरोपी ने अंततः आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया. वह अपने परिजनों के साथ कपाली ओपी पहुंचा और ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के समक्ष सरेंडर कर दिया. पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें घटना से जुड़े कई अहम बिंदुओं की जानकारी सामने आयी. पूछताछ के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जा रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है, जिससे मामले में जल्द कार्रवाई संभव हो सकी. फिलहाल घायल रमजान का इलाज जारी है और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.



