रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : आगामी 07 अप्रैल को आयोजित होने वाली मंगला पूजा को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गयी हैं. इस अवसर पर निकलने वाली कलश यात्रा को लेकर साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की मांग उठने लगी है. इसी क्रम में चक्रधरपुर की वार्ड पार्षद राजेश्वरी मुखी ने नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव को एक मांग पत्र सौंपा है. पत्र में संजय नदी स्थित राजवाड़ी घाट सहित सभी संबंधित घाटों एवं जलाशयों की समुचित साफ-सफाई कराने की मांग की गयी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा कलश यात्रा मार्ग में आने वाले दंदासाई, भारत भवन, अकाउंट्स कॉलोनी तथा रेलवे कॉलोनी (हरिजन बस्ती) सहित सभी मार्गों की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कराने की भी अपील की गयी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगला पूजा एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं. ऐसे में प्रशासन द्वारा समय रहते आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है.



