जमशेदपुर : सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद् के तत्वावधान में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में 18 और 19 अप्रैल को 9वां भोजपुरी नाट्य महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है. भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से दिल्ली की प्रसिद्ध नाट्य संस्था “रंग श्री” द्वारा इस महोत्सव में भोजपुरी भाषा की नाट्य शैली, सांस्कृतिक समृद्धि और कला का बेजोड़ प्रदर्शन किया जाएगा. नाट्य संस्था ‘ रंग श्री’ की टीम पहले भी जमशेदपुर में अपने नाटकों के मंचन से लोगों में हमेशा चर्चा में रही है. (नीचे भी पढ़ें)

‘ रंग श्री ‘ की छह सदस्यीय टीम दिल्ली से चलकर आज 17 अप्रैल को जमशेदपुर पहुंच चुकी है. दो दिवसीय नाट्य महोत्सव में विभिन्न सामाजिक, हास्य व्यंग्य से भरे और समसामयिक विषयों पर आधारित नाटकों का मंचन होगा. महोत्सव के पहले दिन 18 अप्रैल को संध्या 6:00 बजे से व्यंग्यकार अरविंद विद्रोही लिखित और रंगश्री के प्रमुख महेंद्र प्रसाद सिंह निर्देशित नाटक ‘यमलोक में करप्शन ‘ का मंचन रंगश्री की टीम करेगी. इसके पश्चात संध्या 7:00 बजे से महेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा लिखित व निर्देशित नाटक ‘माइंडसेट’ की प्रस्तुति होगी. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरे दिन, 19 अप्रैल को कार्यक्रम की शुरुआत संध्या 5:00 बजे से ‘शनि के साढ़ेसाती ‘ नाटक से होगी. उसके बाद नाट्य और मंच चौपाल द्वारा ‘अमन के रखवार’ का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन अनीता सिंह ने किया है. उसके बाद अरविंद विद्रोही लिखित और महेंद्र प्रसाद सिंह निर्देशित नाटक ‘ कब्रिस्तान के उद्घाटन’ का मंचन रंग श्री की टीम के द्वारा किया जाएगा. इसी नाटक के साथ महोत्सव का समापन होगा. इस आयोजन को सफल बनाने में सिंहभूम जिला भोजपुरी साहित्य परिषद् की पूरी टीम समर्पित रूप से लगी हुई है. भोजपुरी प्रेमियों, रंगकर्मियों एवं संस्थाओं से इस आयोजन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में उपस्थित हो कर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है.



