भोपाल: मध्य प्रदेश के धार ज़िले में एक पिक-अप वैन पलट जाने से उसमें सवार 12 मज़दूरों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए. जानकारी के अनुसार 35 मज़दूर काम कर लौट रहे थे, तभी चिकलिया क्रॉसिंग के पास ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया. जिससे गाड़ी पलट गई और विपरीत दिशा से आ रही एक एसयूवी से टकरा गई. ज़िले के प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने बताया कि 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को शुरुआती इलाज के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है. तिरला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच कर रही है.मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने भी मृतकों के परिवारों को 4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. सीएम ने कहा कि इंदौर के संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को घायलों के इलाज की देखरेख करने के निर्देश दिए गए हैं, और यह भी कहा कि सभी घायलों का इलाज मुफ़्त किया जाएगा.



