जमशेदपुर : टाटा स्टील और टीएमएच के चिकित्सा जगत से जुड़े एक प्रतिष्ठित परिवार की लाडली देवांशी श्रेया ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 10वीं बोर्ड की परीक्षा (आइसीएसई) में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं. कदमा निवासी देवांशी, डीबीएमएस इंग्लिश स्कूल की छात्रा हैं. (नीचे भी पढ़ें)
देवांशी के पिता विकास सोलंकी टाटा स्टील में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता डॉ स्मिता सिंह टीएमएच की जानी-मानी चिकित्सक हैं. देवांशी अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के निरंतर मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और अपनी कड़ी मेहनत को देती हैं. बचपन से ही करियर के प्रति सकारात्मक और फोकस्ड रहने वाली देवांशी का सपना अपनी माता की तरह एक कुशल चिकित्सक बनना है. वह आगे चलकर चिकित्सा के क्षेत्र में करियर बनाकर समाज सेवा करना चाहती हैं. उनका मानना है कि शिक्षा का असली उद्देश्य दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है. देवांशी की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. शहर के शिक्षा जगत में भी देवांशी की इस सफलता की काफी सराहना हो रही है.







