सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के बीरबांस गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां संतोष कुंभकार के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुंभकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित अपने परिवार से अलग पास ही बने एक अन्य घर में रहता था, जबकि उसके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार पुराने मकान में रहता है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि रोज की तरह सुबह जब उसके पिता नए घर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो वहां रोहित छत से रस्सी के सहारे लटकता दिखाई दिया. यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने घर के ऊपर से अंदर प्रवेश कर दरवाजा खोला और युवक को नीचे उतारा. घटना की सूचना तत्काल सरायकेला थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.







