
सरायकेला : सरायकेला खरसावां ज़िलें के जमशेदपुर से सटे हुए इलाके कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान दो अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि पहला मामला वर्ष 2017 से जुड़ा है. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस मामले में सनाउल्लाह अंसारी उर्फ बंगाली (लगभग 40 वर्ष), निवासी अंसारनगर, डेमडुब्बी, काफी समय से फरार चल रहा था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं दूसरा मामला वर्ष 2023 का है, जिसमें पैसे के लेन-देन से जुड़े आरोप में रज़ी अहमद अंसारी, निवासी कपाली वार्ड संख्या 4, को गिरफ्तार किया गया. बताया गया कि वारंट जारी होने के बाद से वह भी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधि-सम्मत प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया. न्यायालय के निर्देश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस छापेमारी अभियान में सब-इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, एएसआई अख्तर अंसारी सहित शस्त्रबल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जा सके और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके.







