घाटशिला : जमशेदपुर वन प्रमंडल और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड मऊभंडार इकाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘रन फॉर वन 2025’ मैराथन का भव्य आयोजन मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मैदान से सुरदा चौक तक किया गया. इस 10 किलोमीटर की मैराथन में लगभग 3500 प्रतिभागियों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा, साक्षरता एवं निबंधन मंत्री रामदास सोरेन, मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार और आरसीसीएफ सीमिता पंकज ने हरी झंडी दिखाकर किया. इस दौरान दलमा रेंज पर आधारित वन्यजीव संरक्षण कैलेंडर भी जारी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस मौके पर मंत्री रामदास सोरेन ने संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड शहीदों की धरती है और उनके सपनों को साकार करने के लिए जल, जंगल और जमीन की रक्षा आवश्यक है. उन्होंने वन्य जीवों और औषधीय पौधों के संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया. मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और इसे बचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता में महिला और पुरुष वर्ग में विजयी प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि रामदास सोरेन ने झारखंड सरकार, वन विभाग, एचसीएल, टाटा स्टील, गजानंद फेरो प्राइवेट लिमिटेड और स्थानीय प्रशासन को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी. जमशेदपुर वन प्रमंडल के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने इस पहल को वन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया. इस मौके पर घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्र, जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, प्रखंड विकास पदाधिकारी युनिका शर्मा, मऊभंडार एचसीएल/आईसीसी के कार्यपालक निदेशक श्याम सुंदर सेठी, पुलिस प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.



