जमशेदपुर : टाटा स्टील के 2022 सर्किल सेकेंड बैच के ट्रेड अप्रेंटिस के कर्मचारी खुद को नयी कंपनी टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज (टीएसटीएस) में भेजे जाने को लेकर अब आंदोलन पर उतारू है. वे लोग सड़क पर उतर गये है. इन सारे कर्मचारियों के दल ने बिष्टुपुर गोलचक्कर के सामने बने जमशेदजी टाटा की प्रतिमा के सामने आंदोलन किया और नारेबाजी की. इन लोगों ने कहा कि उनको टाटा स्टील के लिए अप्रेंटिस में बहाल किया गया था और अब उनको टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज में भेजा जा रहा है. इन लोगों का कहना है कि जब आवेदन निकला था तब उसमें लिखा गया था कि टाटा स्टील या उनकी सब्सिडियरी वाली कंपनी में नौकरी दी जायेगी. अब उन्हें टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज में बहाल किया जा रहा है, जो गलत है. इन कर्मचारियों का आरोप है कि अप्रेंटिस करने के बाद ब हाली पर 9500 रुपये प्रतिमाह मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

कंपनी आवास नहीं मिलेगा, मेडिकल के नाम पर इएसआइ की सुविधा मिलेगी. दसवीं पास के बाद कई लोगों ने नौकरी मिलने के कारण अपनी पढ़ाई भी छोड़ दी. इन लोगों का कहना है कि पहले के बैच के बहाल लोगों को टाटा स्टील में नौकरी मिली थी, लेकिन अब उनको नयी कंपनी में भेजी जा रही है. यूनियन के पदाधिकारियों पर उनकी अनदेखी करने का आरोप इन लोगों ने लगाया और कहा कि वे लोग कर्मचारी पुत्र और पुत्री है, लेकिन उनको यूनियन पूछ भी नहीं रहा है. इस धरना के पहले टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के कार्यालय में जाकर भी इन सारे लोगों ने हंगामा किया और नारेबाजी की. बताया जाता है कि टाटा स्टील द्वारा टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज कंपनी में बहाली को लेकर ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया गया है, जिससे इनका गुस्सा सातवें आसमान पर है.














